March 8, 2026

शराब के ठेके से 1.30 लाख की चोरी, तीन आरोपी गिरफ्तार 

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सूरजकुंड क्षेत्र में शराब के ठेके से 1,30,000 रुपये चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नई दिल्ली निवासी सौरव ने थाना सूरजकुंड में शिकायत दी थी कि उसका प्रहलादपुर, सूरजकुंड में शराब का ठेका है। 6 अक्टूबर की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने ठेके का शटर तोड़कर गल्ले में रखे 1.30 लाख रुपये नकद चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज किया गया।

मामले की जांच में जुटी क्राइम ब्रांच एवीटीएस सिकरोना की टीम ने कार्रवाई करते हुए मो. अजहरुद्दीन (24) और मो. इमरान (24), दोनों निवासी गांव खोरी, फरीदाबाद को गिरफ्तार किया है।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मो. इमरान की ठेके के पीछे एक छोटी दुकान थी, जहां दोनों बैठकर नशा करते थे। नशे के लिए पैसे की जरूरत पड़ने पर उन्होंने 6 अक्टूबर की रात ठेके का शटर तोड़कर गल्ले से 1.30 लाख रुपये चोरी कर लिए। 

पुलिस ने आरोपियों से 40,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में एक अन्य आरोपी हैदर को पहले ही गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया जा चुका है।