Faridabad/Alive News : बिटकॉइन में निवेश के नाम पर करीब सवा करोड़ की धोखाधड़ी के मामले में साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने मामले में खाताधारक को गिरफ्तार किया है।
बता दें कि साइबर थाना सेंट्रल में सेक्टर-31, फरीदाबाद निवासी ने दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसका सम्पर्क ठगों से टेलिग्राम के माध्यम से हुआ था। जहां उसे बिटकॉइन में निवेश करके मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। जिसके लिए उसने अपने और अपनी पत्नी के खाता से कुल 1,25,63,268 रुपये ठगों के खाता में निवेश के लिए भेजे। जिस शिकायत पर साइबर थाना सेंट्रल में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रजनीश (उम्र 38) निवासी गांव तककीपुर जिला सिवान, बिहार हाल दिलशाद गार्डन, दिल्ली को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि रजनीश ने अपना खाता ठगों को दे रखा था जिसमें ठगी के 9,72,000 रुपये आये थे। आरोपी को माननीय अदालत में पेश कर 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

