March 8, 2026

मुंबई पुलिस बनकर 1.13 लाख की ठगी, आरोपी नोएडा से गिरफ्तार

Faridabad/Alive News : साइबर पुलिस ने एक शातिर ठग को नोएडा से गिरफ्तार किया है, जो खुद को मुंबई पुलिस अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करता था।

पुलिस के मुताबिक, बल्लभगढ़ के साइबर थाना में सेक्टर-2 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 30 सितंबर 2024 को उसे एक फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई पुलिस का अधिकारी बताया और कहा कि उसका नाम मनी लॉन्ड्रिंग केस में आ गया है। आरोपी ने धमकी दी कि पुलिस उसे जल्द ही गिरफ्तार करने वाली है।

इसके बाद, ठग ने कहा कि अगर वह बेगुनाह है तो जांच के लिए अपने बैंक खाते में जमा पैसे एक बताए गए खाते में भेज दे। उसने भरोसा दिलाया कि जांच के बाद पैसे वापस कर दिए जाएंगे। डर के कारण शिकायतकर्ता ने 1,13,999 रुपये उस खाते में ट्रांसफर कर दिए।

साइबर पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी चेतन कुमार को नोएडा सेक्टर-113 से गिरफ्तार किया। वह उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर के शांतिनिकेतन, डीएम रोड का रहने वाला है।

पूछताछ में पता चला कि चेतन ने जीएनएम का कोर्स किया है और वह लोगों को फोन करके डराता था, फिर उनसे पैसे अपने बताए खातों में ट्रांसफर कराता था और तुरंत निकाल लेता था।

आरोपी को अदालत में पेश कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है ताकि उससे और जानकारी ली जा सके।