June 6, 2026

शेयर मार्केट में निवेश का झांसा देकर 54.85 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना एनआईटी की टीम ने 25 अप्रैल को सुमित (21) निवासी आगरा और मनवेंद्र (22) निवासी मथुरा को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, एसजीएम नगर के एक व्यक्ति ने शिकायत दी कि जनवरी 2026 में उसे फेसबुक पर एक मैसेज मिला। मैसेज करने वालों ने खुद को “ग्लोबल प्राइम ट्रेड” से जुड़ा बताया और ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसके बाद उन्होंने एक लिंक भेजा, जिसमें शिकायतकर्ता ने अपनी जानकारी भर दी।

इसके बाद उसका अकाउंट एक वेबसाइट पर बनाया गया और उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ दिया गया। ठगों के कहने पर उसने अलग-अलग खातों में कुल 54,85,000 रुपये जमा कर दिए, लेकिन बाद में उसे कोई पैसा वापस नहीं मिला।

जांच में सामने आया कि सुमित विदेश में बैठे ठगों के संपर्क में था। उसके कहने पर मनवेंद्र दिल्ली के एक होटल में एक व्यक्ति के पास गया, जहां से बैंक खाते की जानकारी टेलीग्राम के जरिए विदेश में बैठे ठगों को दी गई।

दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।