Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने 3 अप्रैल को दिल्ली के खिचड़ीपुर इलाके से की। आरोपी की पहचान 23 वर्षीय राज सहानिया के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-2 फरीदाबाद के एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने एक मेट्रोमोनियल ऐप (संगम डॉट कॉम) पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। वहां उसकी एक लड़की से जान-पहचान हुई, जो बाद में फोन और व्हाट्सएप पर भी बात करने लगी।
लड़की ने खुद को एक गेमिंग कंपनी और Accenture आईटी कंपनी में काम करने वाली बताया। जब शिकायतकर्ता ने मिलने की बात कही, तो उसने बहाने बनाकर टाल दिया। इसके बाद उसने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए पैसे कमाने का लालच दिया और एक लिंक भेजकर निवेश करने के लिए कहा।
शिकायतकर्ता उसके कहने पर अलग-अलग खातों में पैसे ट्रांसफर करता रहा। जब उसने पैसे वापस निकालने की कोशिश की, तो उससे और 2 लाख रुपये मांगे गए, जो उसने दे दिए। इस तरह आरोपियों ने उससे कुल 45 लाख रुपये ठग लिए।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राज ने अपने साथी प्रशांत के बैंक खाते लेकर ठगों को उपलब्ध कराए थे। राज बीए सेकेंड ईयर का छात्र है और पहले नोएडा की एक निजी कंपनी में काम करता था, जहां उसकी मुलाकात प्रशांत से हुई थी।
पुलिस ने राज को 2 दिन के रिमांड पर लिया है ताकि मामले में और जानकारी जुटाई जा सके। वहीं, खाताधारक प्रशांत को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

