Faridabad/Alive News: साइबर थाना NIT की टीम ने टेलीग्राम टास्क के जरिए लोगों को पैसे कमाने का लालच देकर ठगी करने वाले गिरोह से जुड़े एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्र (28) निवासी जिला फलोदी, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार NIT-5 निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 15 नवंबर 2025 को उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक आया था। लिंक पर क्लिक करते ही वह एक टेलीग्राम ग्रुप से जुड़ गया, जहां उसे ऑनलाइन टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।
ठगों ने अलग-अलग टास्क के नाम पर उससे 3 लाख 22 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर करवा लिए। बाद में जब उसे ठगी का एहसास हुआ तो उसने साइबर थाना NIT में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने महेंद्र को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि महेंद्र ने देवेंद्र नामक व्यक्ति से एक महिला का बैंक खाता लेकर उसे आगे ठगों को उपलब्ध करवाया था। आरोपी 8वीं पास है और टेलर का काम करता है।

