June 6, 2026

फोन हैक कर 3.17 लाख की ठगी, 4 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर ठगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर थाना एनआईटी की टीम ने की।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित (21) निवासी सीकर, दीपक (19) निवासी डीडवाना, पुनीत (21) और लक्की (19) निवासी झोटवाड़ा, राजस्थान के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, जवाहर कॉलोनी की एक महिला ने शिकायत दी थी कि किसी ने उसका फोन हैक कर उसके बैंक खाते से 3,17,078 रुपये निकाल लिए। इस पर साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में पता चला कि पुनीत और लक्की ने महिला का फोन हैक किया था, जबकि अंकित और दीपक के बैंक खातों में ठगी के पैसे ट्रांसफर किए गए थे। अंकित के खाते में 21 हजार रुपये और दीपक के खाते में 44 हजार रुपये आए थे।

पुलिस ने बताया कि अंकित एलएलबी का छात्र है, दीपक वेटरनरी का छात्र है और लक्की बीए कर रहा है। अंकित और दीपक सीकर में साथ रहते हैं, जबकि पुनीत और लक्की आपस में दोस्त हैं।

सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।