Faridabad/Alive News: शिक्षा निदेशालय ने एकेडमिक सेशन 2025-26 के लिए वार्षिक और पूरक परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। इसके साथ ही शिक्षा विभाग ने परीक्षाओं की तैयारी और सुचारु आयोजन को लेकर सभी स्कूलों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा परिणाम विभागीय पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
जिले के 378 सरकारी प्राइमरी, अपर प्राइमरी और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में बाल वाटिका (प्री-प्राइमरी) से कक्षा 12वीं तक करीब 1.25 लाख विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें से लगभग 80 हजार छात्र कक्षा आठवीं तक की कक्षाओं में पढ़ रहे हैं।
बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियों के साथ-साथ शिक्षा निदेशालय ने कक्षा 1 से 8 तक की वार्षिक परीक्षाओं की डेटशीट भी घोषित कर दी है। विंटर ब्रेक के बाद स्कूलों में छात्रों के लिए रिवीजन कक्षाएं आयोजित की जाएंगी, ताकि वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें। स्कूल स्तर पर परीक्षाओं की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
11 मार्च से शुरू होंगी परीक्षाएं, SCERT भेजेगा प्रश्न पत्रकक्षा 1 से 5 तक के छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं 13 मार्च से 16 मार्च तक आयोजित की जाएंगी, जबकि कक्षा 6 से 8 तक की परीक्षाएं 11 मार्च से 18 मार्च तक होंगी। सभी परीक्षाओं के प्रश्न पत्र राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (SCERT) द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे।
अंक सुधार का मिलेगा अवसरनई शिक्षा नीति-2020 के तहत छात्रों को वार्षिक परीक्षा में अंक सुधार का अवसर दिया जाएगा। इसके लिए शिक्षा निदेशालय द्वारा पूरक परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। बाल वाटिका से कक्षा 5 तक के छात्रों की पूरक परीक्षाएं 20 अप्रैल से 25 अप्रैल तक होंगी, जबकि कक्षा 6 से 8 तक की पूरक परीक्षाएं 20 अप्रैल से 1 मई तक आयोजित की जाएंगी।

