March 8, 2026

केंद्रीय मंत्री ने नई दिल्ली में की शिष्टाचार भेंट

Faridabad/Alive News: महाराष्ट्र मित्र मंडल, फरीदाबाद के प्रतिनिधिमंडल ने सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री, नितिन गडकरी ने नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मंडल के अध्यक्ष राजेन्द्र पंचाल, सचिव  प्रवीण राठौड़, तथा सदस्यगण  यशवंत पंचाल,  गणेश निखरे,  तेजस पंचाल और  रोहित पंचाल उपस्थित रहे।

भेंट के दौरान मंडल द्वारा दो महत्वपूर्ण निवेदन पत्र मंत्री को सौंपे गए पहला निवेदन पत्र फरीदाबाद में बसे मराठी समाज हेतु एक सामाजिक-सांस्कृतिक भवन के लिए भूमि आवंटन से संबंधित था। मंडल का आग्रह रहा कि हरियाणा में बसे मराठी समाज को एक स्थायी स्थल प्राप्त हो सके, जहां सामाजिक, सांस्कृतिक एवं शैक्षिक गतिविधियों का आयोजन सुगमता से किया जा सके। दूसरा निवेदन पत्र दिल्ली से मुंबई को जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग का नाम “छत्रपति शिवाजी महाराज राष्ट्रीय राजमार्ग” रखने एवं दिल्ली में छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापना से संबंधित था। मंडल का कहना था कि इससे देश की सांस्कृतिक एकता सुदृढ़ होगी और आने वाली पीढ़ियों को शिवाजी महाराज के आदर्शों से प्रेरणा मिलेगी।

मंत्री नितिन गडकरी ने मंडल की भावनाओं का सम्मान करते हुए दोनों प्रस्तावों पर सहमति व्यक्त की और आश्वासन दिया कि इन विषयों पर शीघ्र आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने महाराष्ट्र मित्र मंडल के इस प्रयास को समाज और राष्ट्र की एकता एवं सांस्कृतिक गौरव के लिए सराहनीय बताया। महाराष्ट्र मित्र मंडल, फरीदाबाद की यह पहल समाज की एकता, संस्कृति और राष्ट्रीय गौरव को समर्पित एक प्रेरणादायी कदम मानी जा रही है।