March 7, 2026

ब्रजमंडल यात्रा के लिए, कड़ी सुरक्षा के इंतजाम

Nuh/Alive News: ब्रजमंडल जलाभिषेक शोभा यात्रा आज निकाली जाएगी, जिसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा को देखते हुए आसमान से लेकर जमीन तक कड़ा पहरा रहेगा।

यात्रा की निगरानी के लिए 6 ड्रोन तैनात किए गए हैं और 2,500 पुलिसकर्मी ड्यूटी पर रहेंगे। जिले की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं और 30 नाके बनाए गए हैं, जहां वीडियोग्राफी भी होगी।

रविवार को पुलिस अतिरिक्त महानिदेशक संजय कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में होनी चाहिए। उन्होंने आयोजन समिति और विभिन्न समुदायों से सहयोग लेने पर भी जोर दिया।

संजय कुमार ने कहा कि पहाड़ी इलाकों की पहले से जांच हो और सभी प्रवेश व निकासी प्वाइंट्स पर पुलिस तैनात की जाए। उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने और अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के आदेश दिए। इंटरनेट मीडिया पर नज़र रखने के लिए एक विशेष टीम भी बनाई गई है, ताकि माहौल बिगाड़ने की किसी कोशिश को समय रहते रोका जा सके।