May 2, 2024

निरंकारी भक्तों ने 42 रेलवे स्टेशनों पर चलाया सफाई अभियान

सन्त निरंकारी मिशन के हज़ारों श्रद्धालु भक्तों ने सन्त निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के तत्त्वाधान में आज एक ही दिन में देश के विभिन्न 42 बड़े रेलवे स्टेशनों पर सफाई की। ’स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत अभियान’ के अंतर्गत 2 अक्तूबर, 2015 को आरम्भ की गई यह जन सेवा आज तीसरी बार दोहराई गई। इस से पूर्व यह अभियान 31 अक्तूबर को 46 रेलवे स्टेशनों पर चलाया गया।

दिल्ली में पुरानी दिल्ली, नई दिल्ली तथा हजऱत निज़ामुद्दीन रेलवे स्टेशनों की सफाई की गई। इसमें 20 हज़ार से भी अधिक दिल्ली तथा ग्रेटर दिल्ली से आए सेवादल के सदस्यों, फाउंडेशन के सेवादारों तथा अन्य भक्तों ने भाग लिया। इन भक्तों ने, परम पूज्य बहन बिंदिया छाबड़ा तथा केन्द्रीय सेवादल अधिकारियों के अलावा, पुरानी दिल्ली स्टेशन पर संत निरंकारी मण्डल की कार्यकारिणी के सदस्य अशोक कुमार तथा रजनीश कुमार झांब के मार्गदर्शन में सेवा की जबकि केन्द्रीय योजना तथा सलाहकार बोर्ड के सदस्य पी.एस. अहलूवालिया तथा सन्त निरंकारी मण्डल एवं सन्त निरंकारी चैरिटेबल फाउंडेशन के सचिव सी.एल. गुलाटी ने नई दिल्ली स्टेशन पर मार्ग दर्शन किया।

दिल्ली के अलावा आज जिन स्टेशनों पर सफाई की गई, वे हैं – अम्बाला कैंट, भोडवाल माजरी (हरियाणा), वाराणसी, लखनऊ जंक्शन, चारबाग-लखनऊ, देहरादून, हरिद्वार, ग्वालियर, आगरा कैंट, इलाहाबाद, कानपुर सेन्ट्रल, मथुरा, भोपाल, जबलपुर, अहमदाबाद, वदोदरा, सूरत, इंदौर, छत्रपति शिवाजी टर्मिनस मुम्बई, दादर, मुम्बई सेन्ट्रल, नागपुर, पुणे, पटना, धनबाद, विशाखापत्तनम, भुवनेश्वर, टाटा नगर, एर्नाकुलम, चेन्नई सेन्ट्रल, हैदराबाद, सिकन्दराबाद, बेगमपेट, रायपुर, बैंगलौर सिटी, रत्नागिरी, सावंतवाड़ी, राजापुर और चिपलून। राजस्थान के चार स्टेशनों – जयपुर, अजमेर, कोटा तथा उदयपुर की सफाई 26 दिसम्बर को की जायेगी।