April 17, 2024

दर्दनाक: ऑक्सीजन के लिए मां को लेकर भटकता रहा बेटा, अस्पतालों ने किया इनकार, नहीं बची जान

Uttar Pradesh/Alive News: ऑक्सीजन की किल्लत के बीच कोरोना वायरस मरीजों पर काल बनकर टूट रहा है। किसी अस्पताल में बेड नहीं है तो कहीं ऑक्सीजन नहीं मिल रही है। इसके कारण इलाज के अभाव से मरीज दम तोड़ रहे हैं। फिरोजाबाद जिले के टूंडला निवासी 47 वर्षीय महिला की गुरुवार रात मौत हो गई। वह कोरोना संक्रमित थी। ऑक्सीजन लेवल कम हो गया था, लेकिन अस्पताल में न बेड मिला और न ही ऑक्सीजन। देर रात उसने दम तोड़ दिया। 

जानकारी के मुताबिक टूंडला के स्वरूप नगर निवासी महिला सीमा यादव और उनके पति राकेश यादव एक साथ कोरोना संक्रमित पाए गए थे। चार दिन पहले पति राकेश यादव का आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इधर, पत्नी सीमा यादव की तबियत बिगड़ गई। गुरुवार को उनका बेटा आकाश यादव मां को आगरा लेकर आया। उसके अनुसार संक्रमण के बाद मां की हालत बिगड़ गई थी। ऑक्सीजन लेवल कम हो गया था।  

पांच घंटे भटकता रहा बेटा 
आकाश मां को लेकर ऑक्सीजन के लिए पांच घंटे तक आगरा में भटकता रहा। अस्पतालों ने ऑक्सीजन न होने हवाला देकर भर्ती नहीं किया। इसके कारण वह मां को वापस घर ले गया। देर रात सीमा यादव की मौत हो गई। मौत के बाद मृतका के परिवार को सिस्टम की खामियों का खामियाजा भुगनता पड़ा। मृतका का बेटा रात 11 बजे से मां का अंतिम संस्कार कराने की गुहार लगा रहा था, दोपहर 12 बजे एंबुलेंस शव लेकर गई। 

आगरा के अस्पताल में भर्ती 
मृतका सीमा यादव के पति राकेश यादव प्राइवेट आईटीआई चलाते हैं, जो पिछले साल से बंद है। परिवार में एक बेटा, एक बेटी है। बेटा आकाश ने बीटेक किया है। बेटी ग्रेजुएशन कर रही है। राकेश यादव आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। फिरोजाबाद से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मृतका का शव सील किया है। उसके बाद टीम की देख रेख में ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। कोरोना के डर से घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं।