June 6, 2026

फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर 4.43 करोड़ की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर करीब 4.43 करोड़ रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में रोहित (निवासी बडौली, मोहाली, हाल निवासी जीरकपुर, पंजाब) और रवि रंजन (निवासी पटना, बिहार, हाल निवासी सेक्टर-44, चंडीगढ़) शामिल हैं। पुलिस ने रोहित को 16 अप्रैल को अंबाला से गिरफ्तार कर 3 दिन की रिमांड पर लिया था, जबकि रवि रंजन को 18 अप्रैल को पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, 24 अक्टूबर 2025 को सेक्टर-9, फरीदाबाद के एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी। उसने बताया कि उसकी एक डेटिंग वेबसाइट पर एक लड़की से जान-पहचान हुई, जिसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप कॉल पर बात होने लगी।

लड़की ने उसे फॉरेक्स ट्रेडिंग में निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया। इसके बाद ठगों ने उसका अकाउंट एक फर्जी वेबसाइट पर बनवाया। पीड़ित ने अप्रैल से जून 2025 के बीच अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 4,43,68,974 रुपये निवेश कर दिए।

जब उसने पैसे निकालने की कोशिश की, तो वह ऐसा नहीं कर सका। इसके बाद उसने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दर्ज कराई।

जांच में पता चला कि रवि रंजन ने शाकिर के नाम से बैंक खाता खुलवाकर रोहित को दिया था। रोहित ने उस खाते की नेट बैंकिंग चालू कर उसकी जानकारी ठगों तक पहुंचाई।

फिलहाल, दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।