June 6, 2026

मैट्रिमोनीअल ऐप पर दोस्ती कर 45 लाख की ठगी, खाताधारक समेत 3 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में मैट्रिमोनीअल ऐप के जरिए जान-पहचान बढ़ाकर 45 लाख रुपये की साइबर ठगी करने वाले तीन आरोपियों को साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान नरेला दिल्ली निवासी हर्ष खत्री, गौरव और ऋषभ के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार सेक्टर-2 फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने संगम डॉट कॉम मैट्रिमोनीअल ऐप पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान उसकी एक लड़की से बातचीत शुरू हुई। बाद में दोनों की फोन और व्हाट्सएप पर भी बात होने लगी।

कथित महिला ने खुद को एक गेमिंग कंपनी और एक्सेंचर आईटी कंपनी में काम करने वाली बताया। जब शिकायतकर्ता ने परिवार से मिलने की बात कही तो महिला बहाने बनाकर टालती रही।

इसके बाद महिला ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए पैसे कमाने का लालच दिया और एक लिंक भेजकर निवेश करने के लिए कहा। शिकायतकर्ता अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करता रहा। बाद में जब उसने अपने पैसे वापस निकालने की कोशिश की तो उससे 2 लाख रुपये और मांगे गए। इस तरह आरोपी कुल 45 लाख रुपये की ठगी कर फरार हो गए।

शिकायत मिलने के बाद साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने 1 जून को दिल्ली के नरेला इलाके से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। ऋषभ बैंक खाते का धारक है। गौरव ने ऋषभ का बैंक खाता लेकर अपने साथी हर्ष को दिया था। इसी खाते में ठगी के 1 लाख 85 हजार रुपये आए थे।

पुलिस के मुताबिक ऋषभ नरेला में कार वॉशिंग का काम करता है, जबकि गौरव और हर्ष निजी कंपनियों में काम करते हैं। आरोपी हर्ष को 3 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि बाकी दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।