September 26, 2026

मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर 2.80 लाख की ठगी, मास्टरमाइंड समेत 3 गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख 80 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक जैन, विक्रम और पुष्पेंद्र, निवासी जयपुर, राजस्थान के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, गांधी कॉलोनी फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने मर्चेंट नेवी में नौकरी के लिए DG की वेबसाइट पर अपने दस्तावेज अपलोड किए थे। इसके बाद 8 अक्टूबर 2025 को उसके WhatsApp पर एक अंजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को कैप्टन बताया और कहा कि उसने नौकरी के लिए अपलोड किए गए दस्तावेज देखे हैं।

इसके बाद आरोपी ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर शिकायतकर्ता से अलग-अलग तरीके से 2.80 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पैसे देने के बाद जब शिकायतकर्ता को न तो नौकरी मिली और न ही रकम वापस हुई, तो उसने साइबर थाना NIT में शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच और पूछताछ में सामने आया कि विक्रम और पुष्पेंद्र कॉल करने का काम करते थे। आरोपियों ने फेसबुक पर मर्चेंट नेवी में नौकरी दिलाने के नाम से एक पेज भी बनाया हुआ था। इस पेज पर क्लिक करने के बाद लोगों की WhatsApp पर क्वेरी आती थी, जिसके बाद आरोपी उन्हें कॉल करते थे।

पुलिस के मुताबिक, अशोक जैन इस मामले का मास्टरमाइंड है। वह पहले मर्चेंट नेवी में नौकरी कर चुका है और उसने जयपुर में मर्चेंट नेवी के कोर्स की एक अकादमी भी खोल रखी थी। इसी अकादमी में तीनों आरोपियों की आपस में मुलाकात हुई थी। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपी ग्रेजुएट हैं।

तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने अशोक को 3 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा, जबकि विक्रम और पुष्पेंद्र को जेल भेज दिया गया। मामले में पुलिस की जांच जारी है।