Faridabad/Alive News: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के सहयोग से मेरा युवा भारत फरीदाबाद द्वारा 12 से 16 फरवरी 2026 तक 5 दिवसीय अंतरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले युवाओं के रहने और खाने की व्यवस्था राजस्थान भवन में की गई।
जिला युवा अधिकारी प्रियंका मलिक ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय मुख्यधारा से जोड़ना और उन्हें राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सहिष्णुता, भाईचारे तथा भारतीय संस्कृति के बारे में जागरूक करना है। साथ ही युवाओं को ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण और जनप्रतिनिधियों से मिलने का अवसर भी दिया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को सूरजकुंड, शहर के प्रमुख मंदिरों,बड़खल झील, ओम शांति केंद्र तथा सतयुग दर्शन का भ्रमण कराया गया। इसके साथ-साथ कई शैक्षणिक और वैचारिक सत्र भी आयोजित हुए।
इन सत्रों में विशेषज्ञों ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका, विकसित भारत @2047, प्राथमिक चिकित्सा और चरित्र निर्माण जैसे विषयों पर मार्गदर्शन दिया। योगाचार्य राजेश भाटी ने युवाओं को योग का अभ्यास कराया और योग-आयुर्वेद को जीवन में अपनाने के महत्व के बारे में बताया। कार्यक्रम के दौरान गुजरात और फरीदाबाद के युवाओं ने अपनी-अपनी भाषा, रहन-सहन, खान-पान, खेलकूद और सांस्कृतिक परंपराओं का आपस में आदान-प्रदान किया। गुजरात के युवाओं ने गुजराती लोकनृत्य और लोकगीत प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
समापन समारोह में मेरा युवा भारत हरियाणा की राज्य निदेशक पूनम शर्मा ने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए और उनका फीडबैक लिया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की प्रतिभागियों ने खूब सराहना की और विदाई के समय भावुक भी हुए। इस 5 दिवसीय कार्यक्रम को सफल बनाने में मेरा युवा भारत फरीदाबाद के स्वयंसेवकों देवानंद, कृपण, संजना, वंदना, हिमांशु, दीपक कुमार शर्मा, राहुल और विपिन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच संचालन राजेंद्र कुमार शर्मा ने किया।

