March 10, 2026

एचएसडीआरएफ की टीम ने बचाई गर्भवती महिला और उसके पति की जान

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के गांव कबुलपुर में यमुना नदी का पानी आने से एक नौ महीने की गर्भवती महिला और उसका पति घर में फंस गए थे। इसकी सूचना मिलते ही एचएसडीआरएफ की सात सदस्यीय टीम मौके पर पहुंची और  महिला और उसके पति को बचाया। रस्क्यू टीम में मुख्य सिपाही पवन कुमार के नेतृत्व में  रेस्क्यू अभियान चलाया गया। टीम ने महिला और उसके पति को सुरक्षित बाहर निकाला।
 

महिला के पति नवीन ने जानकारी देते हुए बताया कि वह पिछले तीन चार दिनों से बाढ़ में फसे हुए थे और लगातार जलस्तर बढ़ रहा था। इसकी वजह से वह लोग काफी घबराये हुए थे। क्योकि उनका पत्नी नौ माह से गर्भवती थी। ऐसे में स्थिति और अधिक चिंताजनक हो गई थी। उन्होंने कहा कि एचएसडीआरएफ की टीम ने अपनी जान को जोखिम में डाल कर उन्हें नया जीवन दिया है  जिसके लिए वे सदैव उनके आभारी रहेंगे।

 पुलिस प्रवक्ता से मिली जानकारी के मुताबिक कबुलपुर और उसके आसपास का इलाका मानो नदी में तब्दील हो गया था। पांच से दस फीट तक पानी भरा हुआ था। इन हालात में एचएसडीआरएफ की टीम मोटर बोट लेकर आगे बढ़ती रही। यह केवल एक बचाव कार्य नहीं था, बल्कि मानवता की सबसे सुंदर मिसाल थी। टीम ने एक मां बनने वाली महिला की तकलीफ को अपनी जिम्मेदारी समझा और उसके चेहरे पर लौटती मुस्कान को अपने साहस का सबसे बड़ा पुरस्कार माना। हरियाणा पुलिस और एचएसडीआरएफ ने यह साबित कर दिया कि नागरिकों की सुरक्षा केवल कर्तव्य नहीं, बल्कि एक भावनात्मक जिम्मेदारी भी है, जिसे वे हर परिस्थिति में निभाने के लिए तैयार हैं।

इस बचाव ने केवल एक परिवार की जान नहीं बचाई, बल्कि बाढ़ से जूझ रहे पूरे इलाके को यह भरोसा दिलाया कि सरकार और पुलिस उनके साथ खड़ी है। 

हरियाणा आपदा राहत बल  ने आपात स्थितियों में त्वरित सहायता और बचाव कार्य के लिए कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 8800041114 जारी किया है। किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदा, बाढ़, या अन्य संकट की स्थिति में नागरिक इस नंबर पर तुरंत संपर्क कर सकते हैं। यह हेल्पलाइन 24 घंटे सक्रिय रहती है। आमजन से अपील है कि आवश्यकता पड़ने पर इस नंबर पर तुरंत संपर्क करें, इसके अतिरिक्त फरीदाबाद पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 9999150000 पर भी संपर्क कर सकते हैं ताकि समय पर मदद पहुंचाई जा सके।