June 6, 2026

जमीन विवाद में युवक पर हमला, रॉड से दोनों पैर तोड़े, 3 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के भीकम कॉलोनी में जमीन विवाद के चलते एक युवक पर हमला कर उसके दोनों पैर तोड़ दिए गए। इस मामले में क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, भीकम कॉलोनी निवासी अच्चनत ने थाना शहर बल्लभगढ़ में शिकायत दी कि उसकी कॉलोनी के रहने वाले बलराज उर्फ भालू से उनकी पुरानी रंजिश चल रही है। 17 अप्रैल को बलराज और उसके साथियों ने मिलकर अच्चनत के साले प्रवीण को बात करने के बहाने बुलाया।

जब प्रवीण वहां पहुंचा, तो आरोपियों ने उस पर लाठी, हथौड़े और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उसके दोनों पैर टूट गए।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने आर्यन (20), दलविंद्र उर्फ हर्ष ठाकुर (24) और सेविन उर्फ देवराज (20) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि सेविन ने प्रवीण को पीछे से पकड़ लिया था, जबकि आर्यन और दलविंद्र ने उस पर रॉड से हमला किया।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है और उनसे आगे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड है। दलविंद्र उर्फ हर्ष ठाकुर पर पहले हत्या का मामला दर्ज है और वह करीब एक साल पहले ही जेल से बाहर आया है। इसके अलावा, उस पर मारपीट और कब्जे के मामले भी दर्ज हैं। वहीं, आर्यन भी पहले के एक मामले में उसका साथी रह चुका है।