May 8, 2024

समलैंगिकता संबंध के चलते युवक ने दो भाइयों पर चलाई गोली, मामला दर्ज

Faridabad/Alive News : पर्वतीया कॉलोनी में गुरुवार रात दो भाइयों पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। दरअसल, दो बाइक सवार बदमाशों ने दो चचेरे भाइयों पर गोली चला दी। हालांकि, घटना में कोई घायल नहीं हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार पीड़ितों ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गुरुवार रात करीब साढे़े आठ बजे सोनू और उसका चचेरा भाई श्रवण अपने मकान के दरवाजे पर खडे़ थे। श्रवण का एक भाई लोकेश भी है। उसी समय पवन नामक युवक अपने एक अन्य दोस्त के साथ बाइक पर सवार होकर घर आ गया।

पहले पवन ने सोनू और श्रवण से लोकेश के बारे में पूछा। इस पर श्रवण ने कहा कि लोकेश के बारे में कुछ नहीं पता। वह कई दिनों से घर नहीं आया है। इस बात से पवन नाराज हो गया और जेब से तमंचा निकाल कर श्रवण की छाती पर लगा दिया। ये देखकर श्रवण और सोनू घर के अंदर भागने लगे। इस पर पवन ने गोली चला दी। हालांकि, श्रवण बच गया। गोली की आवाज से आसपास के लोग एकत्रित होने लगे। भीड़ को देखकर दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर भागने लगे। जाते समय आरोपी धमकी देकर गए कि मौका मिलने पर मार देंगे।

जानकारी के मुताबिक शुरुआती जांच में मामला समलैंगिकता से संबंधित बताया गया है। लोकेश और पवन कई सालों से रिलेशन में हैं। जांच में पाया कि लोकेश कई दिनों से राजेश से नहीं मिला। उसे ढूंढते हुए ही राजेश उसके घर गया था। उसे शक था कि उसके परिवार के लोग उसे बाहर नहीं आने दे रहे। आरोपियों की तलाश की जा रही है।