Faridabad/Alive News : फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर टीम ने अवैध नशा तस्करी के मामले में फरार चल रहे आरोपी विनोद को उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गांव कोयल से गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, वर्ष 2023 में थाना आदर्श नगर पुलिस ने विनोद को 20 किलो 400 ग्राम गांजा के साथ पकड़ा था। इस मामले में अदालत ने उसे जमानत पर रिहा किया था, लेकिन वह जून 2025 से अदालत में पेश नहीं हो रहा था। इसके बाद अगस्त 2025 में अदालत ने उसे बेल जम्पर घोषित कर दिया था।
मामले की सुनवाई पूरी होने पर अदालत ने 29 सितंबर 2025 को आरोपी विनोद को 20 साल की सजा और 2 लाख रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। सजा सुनाए जाने के बाद से ही आरोपी फरार था।
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए अपराध शाखा बदरपुर बॉर्डर टीम को जिम्मेदारी सौंपी। टीम ने तकनीकी जांच और खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी का पता लगाया और उसे मथुरा के गांव कोयल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि अपराधियों को सजा दिलाने और उन्हें न्याय के कटघरे तक पहुंचाने के लिए लगातार ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

