September 19, 2024

पहलवान बजरंग पुनिया ने बृजभूषण सिंह को दी चेतावनी

Haryana/Alive News : ऑल इंडिया किसान कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष एवं पूर्व पहलवान बजरंग पूनिया ने भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण सिंह को चेतावनी दी है। बजरंग पूनिया ने एक चैनल से बातचीत में कहा, ‘हिम्मत है तो बृजभूषण सिंह हरियाणा आकर दिखाएं। यहां आपका स्वागत है। सभी का अधिकार है, आइए आप।यहां आकर चुनाव प्रचार करें।

यहां की जनता तय करेगी कि आपका किस तरह स्वागत किया जाएगा। मैं चुनाव नहीं लड़ूंगा, सिर्फ विनेश ही चुनाव लड़ रही है।’इससे पहले बृजभूषण सिंह ने कहा था, ‘मैं पहले ही कहता था कि ये दोनों (बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट) कांग्रेस के हाथ में खेल रहे हैं। दोनों कांग्रेस की ही कठपुतली हैं। मैं BJP हाईकमान से अपील करूंगा कि मुझे हरियाणा में चुनावी प्रचार-प्रसार के लिए भेजा जाए।

हरियाणा में विनेश के खिलाफ प्रचार करूंगा।’वहीं भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ आंदोलन करने वाले तीनों पहलवानों पर देशद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।एक दिन पहले शुक्रवार को बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट कांग्रेस में शामिल हुए थे। जिसके बाद बृजभूषण सिंह और संजय सिंह ने बजरंग और विनेश पर निशाना साधा।