June 6, 2026

वट सावित्री व्रत पर मंदिरों में उमड़ी महिलाओं की भीड़, पति की दीर्घायु की कामना

Noida/Alive News: शहर के विभिन्न सेक्टरों, सोसाइटियों और धार्मिक स्थलों पर शनिवार को वट सावित्री व्रत श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। सुहागिन महिलाओं ने वट वृक्ष की पूजा-अर्चना कर पति की लंबी उम्र, परिवार की सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना की। सुबह से ही मंदिरों में महिलाओं की भीड़ देखने को मिली और धार्मिक माहौल बना रहा।

सेक्टर-122 स्थित जगन्नाथ मंदिर में बड़ी संख्या में महिलाओं ने वट वृक्ष के चारों ओर परिक्रमा कर धागा बांधा और विधिवत पूजा की। मंदिर के सेवादार प्रमोद बहल ने बताया कि सुबह से ही श्रद्धालु महिलाओं का आना शुरू हो गया था। महिलाओं ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना की और वट सावित्री व्रत कथा का श्रवण किया।

वहीं सेक्टर-19 स्थित सनातन धर्म मंदिर में महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। मंदिर के कोषाध्यक्ष रामकुमार शर्मा ने बताया कि महिलाओं ने वट वृक्ष पर जल, रोली, अक्षत और सूत अर्पित कर परिवार की सुख-शांति की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से गूंजता रहा।

इसके अलावा सेक्टर-20 स्थित हनुमान मंदिर में भी महिलाओं ने पूरे विधि-विधान से वट सावित्री व्रत मनाया। मंदिर की अध्यक्ष विनय गुप्ता ने बताया कि महिलाओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर वट वृक्ष की पूजा की। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर सोलह श्रृंगार किया तथा दीप जलाकर वट वृक्ष की सात परिक्रमा की। साथ ही महिलाओं ने माता सावित्री और सत्यवान की पौराणिक कथा सुनकर अखंड सौभाग्य की कामना की।