March 10, 2026

ऑटो में महिला का सोने का कंगन चोरी, चाचा-भतीजी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-56 की पुलिस ने ऑटो में बैठी महिला का सोने का कंगन चोरी करने वाले चाचा-भतीजी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 40 हजार रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि एसजीएम नगर निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि 2 जून को वह नीलम चौक से ईएसआई अस्पताल जाने के लिए ऑटो में बैठी थी। अस्पताल पहुंचने पर उसे पता चला कि उसके हाथ का सोने का कड़ा गायब है। इस पर थाना कोतवाली में चोरी का मामला दर्ज किया गया।

जांच में सामने आया कि आरोपी विक्रम (30) निवासी नंगला एनक्लेव पार्ट-2, एनआईटी फरीदाबाद और उसकी भतीजी कविता (काल्पनिक नाम) निवासी पलवल, वारदात के दिन बोटा रेलवे स्टेशन के पास से ऑटो में बैठे थे। रास्ते में आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता के हाथ पर अपना पर्स रख दिया और इसी दौरान विक्रम ने कटर से उसका कड़ा काट लिया। बाद में दोनों ने कड़ा बेचकर पैसे आपस में बांट लिए।

क्राइम ब्रांच ने छानबीन कर दोनों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 40 हजार रुपये बरामद किए। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें नीमका जेल भेज दिया गया है।