March 12, 2026

बातों में फंसाकर महिला से उतरवाए गहने, एक महिला सहित 2 आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में महिला को झांसे में लेकर उसके गहने उतरवाने के मामले में पुलिस ने एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज (21) निवासी निहाल विहार, नई दिल्ली के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेहतपुर निवासी एक महिला ने थाना पल्ला में शिकायत दी थी कि 16 फरवरी की शाम वह चेतन मार्केट गई थी। रास्ते में उसे दो महिलाएं और एक व्यक्ति मिले, जिन्होंने उससे एटीएम का रास्ता पूछा। इसके बाद उन्होंने उसे अपनी बातों में फंसा लिया और किसी तरह झांसे में लेकर उसके गहने उतरवा लिए और मौके से फरार हो गए।

महिला की शिकायत पर थाना पल्ला में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ऊंचा गांव की टीम ने एक महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने अपनी एक अन्य महिला साथी के साथ मिलकर 16 फरवरी की शाम चेतन मार्केट में इस वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है, ताकि मामले में आगे की जांच की जा सके।