June 26, 2026

बिजली बिल भरने गई महिला की हत्या, आरोपी युवक और उसके पिता गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सेक्टर-58 थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान अनीता के रूप में हुई है, जो 15 अप्रैल को बिजली बिल भरने के लिए सेक्टर-58 स्थित बिजली बोर्ड कार्यालय गई थीं, लेकिन घर वापस नहीं लौटीं।

महिला के बेटे विवेक कुमार ने थाना सेक्टर-58 में शिकायत दर्ज कराई। परिवार ने काफी तलाश की, जिसके बाद 17 अप्रैल को अनीता का शव कबुलपुर इलाके के पास गंदे नाले में मिला। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पहला आरोपी जगविंद्र (49 वर्ष) है, जिसे 18 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया। वह मुख्य आरोपी का पिता है और अपने बेटे को छुपाने में उसकी मदद कर रहा था। उसने अपने बेटे को मोटरसाइकिल से पलवल तक छोड़ा था।

दूसरा और मुख्य आरोपी ब्रहमजीत (22 वर्ष) है, जिसे 21 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में सामने आया कि ब्रहमजीत की अनीता से करीब डेढ़ साल पहले पहचान हुई थी और दोनों के बीच संबंध बन गए थे। जनवरी 2025 में ब्रहमजीत की शादी हो गई, जिसके बाद उसने अनीता से मिलना बंद कर दिया।

बताया जा रहा है कि अनीता उसे मिलने के लिए दबाव बना रही थीं, जिससे परेशान होकर ब्रहमजीत ने हत्या की साजिश रची। 15 अप्रैल को वह अनीता को अपने साथ ले गया और कबुलपुर के पास जंगल में ले जाकर उसे जमीन पर पटक दिया और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद पहचान छुपाने के लिए उसने शव के कपड़े उतारकर उसे नाले में फेंक दिया।

हत्या के बाद ब्रहमजीत अपने पिता की मदद से पलवल भाग गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की पूछताछ के लिए अदालत में पेश कर रिमांड लेने की तैयारी कर रही है।