April 28, 2024

महिला का अपहरण कर किया सामूहिक दुष्कर्म, मामला दर्ज

Faridabad/Alive News : हरियाणा के गुरुग्राम स्थित सोहना इलाके में एक महिला का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी महिला को रोज नशीला पदार्थ पिलाने के साथ-साथ उसे नशीला इंजेक्शन भी लगाते थे और बेहोशी की हालत में महिला के साथ लगातार आठ दिनों तक दुष्कर्म करते रहे।

मिली जानकारी के अनुसार सोहना इलाके की रहने वाली पीड़ित महिला ने सदर सोहना थाना पुलिस को शिकायत दर्ज कराते समय बताया कि 29 जून की शाम को उसे उसका दोस्त चिंटू मिला था। उसने दूसरे दिन महिला को सुबह पांच बजे मंदिर के पास बुलाया। उसके बुलाने पर जब महिला वहां पहुंची तो तय समय से पांच मिनट बाद एक सफेद रंग की कार वहां आ कर रूकी। उसमें चिंटू अपने दोस्तों के साथ बैठा था। 

पीड़िता ने आरोप लगाया कि कार में बैठते ही चिंटू व उसके दोस्त दीपक, कुलदीप व संजू ने उसे नशीला पदार्थ पिला दिया और उसके कंधे में एक इंजेक्शन भी लगा दिया जिससे महिला बेहोश हो गयी। उसके बाद चारों आरोपी उसे एक कमरे में ले गए। जहां पर आरोपियों ने महिला को बंधक बना कर रखा और आरोपी उसके साथ रोज वारदात को अंजाम देते थे। दुष्कर्म के वारदात को अंजाम देने के आठ दिन बाद आरोपी महिला के कपड़े बदलकर उसे बल्लभगढ़ छोड़ गए।

सदर थाना पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी देने के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने महिला की मेडिकल जांच कराने के साथ ही अदालत में 164 का बयान भी दर्ज करवाया है। मामला दर्ज करने के बाद महिला पुलिस की मौजूदगी में उसका मेडिकल कराया। मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही मजिस्ट्रेट के सामने उसका बयान दर्ज कराया है। थाना प्रभारी सोहना के अनुसार मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।