June 6, 2026

एम्बुलेंस में महिला ने दिया बच्चे को जन्म, अस्पताल की लापरवाही पर सवाल

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल से रेफर होकर जिला नागरिक बादशाह खान अस्पताल जा रही एक गर्भवती महिला ने रास्ते में एम्बुलेंस में ही बच्चे को जन्म दे दिया। यह घटना अस्पताल से करीब 400 मीटर पहले नीलम फ्लाईओवर के पास हुई। फिलहाल मां और नवजात दोनों अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज चल रहा है।

महिला की सास ने बताया कि वे लोग श्याम कॉलोनी में रहते हैं। उनकी बहू नौ महीने की गर्भवती थी। शनिवार देर रात उसे हल्का दर्द हुआ, जिसके बाद रविवार सुबह करीब 9 बजे उसे सिविल अस्पताल ले जाया गया। वहां शुरुआती जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे बीके अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

सास के अनुसार, महिला को काफी ज्यादा ब्लीडिंग हो रही थी और उसकी हालत ठीक नहीं थी। इसी दौरान उसे तेज प्रसव पीड़ा शुरू हो गई। जब परिवार वाले उसे एम्बुलेंस से अस्पताल लेकर पहुंच ही रहे थे, तभी रास्ते में ही उसने बच्चे को जन्म दे दिया।

परिवार ने आरोप लगाया कि अस्पताल में रेफर करने की प्रक्रिया में करीब साढ़े चार घंटे लग गए। उनका कहना है कि अगर समय पर रेफर किया जाता तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। उन्होंने यह भी कहा कि जिला अस्पताल पहुंचने पर भी स्ट्रेचर के लिए करीब 10 मिनट इंतजार करना पड़ा और कोई स्टाफ मदद के लिए बाहर नहीं आया। बाद में महिला को उसके पति और एक अन्य व्यक्ति ने खुद ही स्ट्रेचर पर वार्ड तक पहुंचाया।

इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जयंत आहूजा ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि इस बारे में महिला रोग विशेषज्ञ ही सही जानकारी दे सकते हैं।