May 19, 2024

पारिवारिक कलह के चलते दो साल के मासूम के साथ महिला ने की खुदखुशी

Chandigarh/Alive News : एक विवाहिता द्वारा अपने दो साल के बेटे के साथ फंदा लगाकर आत्महत्या करने का मामला संज्ञान में आया है। यह मामला हरियाणा के गांव बोचड़ियां का बताया जा रहा है। इस ख़ौफनाक मामले की जानकारी परिवार के अन्य सदस्यों को बुधवार रात करीब आठ बजे मिली। परिवार को मामले की जानकारी मिलते ही महिला का पूरा परिवार झज्जर के सामान्य अस्पताल में महिला व बच्चे को लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। 

मिली जानकारी के अनुसार महिला द्वारा आत्महत्या करने का कारण पारिवारिक कलह बताया जा रहा है। वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौका पर पहुंचकर मुआयना किया। पुलिस ने मृतका के मामा की शिकायत पर महिला के पति, सास और ससुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। महिला द्वारा आत्महत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हैं। आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस उनके मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर रही है। 

मृतक महिला की पहचान गांव बोचड़ियां, जिला महेंद्रगढ़ की सुमित्रा के रूप में हुई है। पुलिस को दी शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि सुमित्रा की शादी 31 दिसंबर 2017 को गांव पलड़ा निवासी मनीष पुत्र सोमदेव के साथ हुई थी। मनीष खेतीबाड़ी करता है। परिजनों के अनुसार बुधवार को सास-बहू में झगड़ा हुआ था। झगड़े की वजह से सुमित्रा ने दिन में खाना नहीं खाया और वह अपने बेटे को लेकर पशुओं को बांधने के लिए बनाए गए कमरे में चली गईं। 

खेत से वापस आने के बाद उसका पति रात करीब आठ बजे जब खाना लेकर गया तो देखा कि उसकी पत्नी अपने दो साल के बेटे के साथ फंदे पर लटकी मिली। परिजनों ने दोनों को फंदे से उतार कर झज्जर के नागरिक अस्पताल में लेकर गए, जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। इससे पहले भी जब झगड़ा हुआ था तो समझाने के लिए गांव में आया था। उस समय उसके साथ भी कहासुनी हुई थी।