May 2, 2024

डॉ. अशोक तंवर के नेतृत्व में कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता राहुल गांधी को देंगे शुभकामनाएं

Faridabad/Alive News : अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद पर राहुल गांधी की नियुक्ति हो जाने के बाद 16 दिसम्बर को फरीदाबाद एवं हरियाणा के अन्य जिलों के कांग्रेसी नेता एवं कार्यकर्ता डॉ. अशोक तंवर के नेतृत्व में बधाई देने के लिए दिल्ली में इकट्ठा होंगे और कृषि भवन से पैदल मार्च करते हुए पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी के पास जाकर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए शपथ लेंगे कि देश का हर कांग्रेसी कार्यकर्ता भाजपा के भ्रष्ट कुशासन के खिलाफ संघर्ष करके आम जनता के हित में लड़ाई लड़ते हुए 2019 में देश विरोधी भाजपा को सत्ता से उखाड़ फेंकेगा।

हरियाणा कांग्रेस के मीडिया प्रभारी विजय कौशिक ने यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी को देश के प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं इसके लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को एकजुट करके उन्हें भाजपा सरकार के खिलाफ सडक़ों पर उतरकर संघर्ष करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी विजय कौशिक ने कहा कि हरियाणा के कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं जनता में गांधी के अध्यक्ष बनने के बाद खुशी की लहर है। खासतौर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर द्वारा आम जनता के लिए किए जा रहे संघर्ष के कारण लाखों लोगों का रूझान कांग्रेस की तरफ बढ़ा है। प्रदेश व देश की जनता कांग्रेस के युवा नेताओं की तरफ बड़ी उम्मीद भरी नजरों से देख रही है।

प्रदेश व देश की मौजूदा भाजपा सरकारें आम जनता का विश्वास खो चुकी हैं। लोग त्राही-त्राही कर रहे हैं। उन हालात में प्रदेश में डॉ. अशोक तंवर का संघर्ष एवं देश में राहुल गांधी का संघर्ष जनता को दिखाई दे रहा है। जनता जुमलेबाजों की असलियत जान चुकी है इसलिए प्रदेश व देश में कांग्रेस की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने में लगे हुए हैं। इसी कड़ी में प्रदेश के हजारों नेता एवं कार्यकर्ता डॉ. अशोक तंवर के नेतृत्व में पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी को बधाई देंगे और उन्हें हरियाणा आगमन का न्यौता भी देंगे।