Faridabad/Alive News : नगर निगम फरीदाबाद द्वारा आज सेक्टर-12 टाउन पार्क के पास विशेष शीतकालीन पुष्प पौधा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शहरवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। निगम की इस पहल के तहत लगभग 50 लाख शीतकालीन फूलों के पौधे निःशुल्क वितरित किए गए।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर प्रवीण बत्रा जोशी ने पौधों का वितरण किया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य फरीदाबाद को स्वच्छ, सुंदर, हराभरा और पर्यावरण-अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने और पौधों की नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में नगर निगम के बागवानी विभाग की टीम, विभिन्न वार्डों के अधिकारी, मिशन जागृति के सदस्य तथा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। निगम अधिकारियों ने बताया कि अभियान के दौरान गेंदा, पेटूनिया सहित अनेक शीतकालीन फूलों के पौधे वितरित किए गए।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष सीमा भारद्वाज, पार्षद जसवंत पंवार, योगेश लाठर सहित कई सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।महापौर ने शहरवासियों से आह्वान किया कि वे अपने घरों, पार्कों और आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधे लगाकर फरीदाबाद को हराभरा बनाने में योगदान दें।

