June 30, 2024

हरियाणा में किसके सिर सजेगा ताज और किसको मिलेगी करारी मात, 10 लोकसभा सीटों पर परिणाम आज

Haryana/Alive News: हरियाणा में 10 लोकसभा सीटों पर आज परिणाम घोषित किया जा रहा है। जहां बीजेपी ने 10 सीटों पर चुनाव लड़ा है। वहीं, इंडी गठबंधन में कांग्रेस 9 और कुरुक्षेत्र से आम आदमी पार्टी ने एक सीट पर चुनाव लड़ा है।

4 Jun 20249:16:55 AM

मतगणना केंद्र का पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने लिया जायजा

रोहतक मतगणना केंद्र में पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग पुलिस कर्मचारियों को दिशा निर्देश देते हुए। साथ ही उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

4 Jun 20248:50:42 AM

हरियाणा के करनाल में मनोहर लाल पीछे

हरियाणा में अभी हाल के रुझानों की बात करें तो इंडी गठबंधन तीन सीटों पर बढ़त बनाए हुए। वहीं, एक सीट पर बीजेपी आगे चल रही है। हरियाणा में करनाल सीट पर पूर्व सीएम मनोहर लाल पीछे चल रहे हैं। ये सीट काफी अहम है क्योंकि इस सीट के लिए पूर्व सीएम मनोहर लाल ने सीएम पद से इस्तीफा देकर लोकसभा सीट की ओर रुख किया था। हरियाणा में कुरुक्षेत्र में इंडी गठबंधन के तहत एक सीट पर आम आदमी पार्टी के सुशील कुमार गुप्ता मैदान में हैं।

4 Jun 20248:36:07 AM

सोनीपत में मतगणना में देरी

 हरियाणा के जींद सोनीपत लोकसभा की मतगणना में देरी। सीट पर रुझान आने में समय लग सकता है।

4 Jun 20248:22:52 AM

हरियाणा में इंडी गठबंधन तीन सीटों पर रुझानों में आगे

हरियाणा में मतगणना शुरू होते ही इंडी गठबंधन तीन सीटों पर आगे चल रही है। बीजेपी एक सीट पर आगे चल रही है। करनाल सीट से मनोहर लाल पीछे चल रहे हैं। 

4 Jun 20248:20:45 AM

हरियाणा में करनाल सीट से मनोहर लाल पीछे

हरियाणा की करनाल सीट से मनोहर लाल इस समय पीछे चल रहे हैं। रुझानों में बीजेपी पीछे चल रही है। 

4 Jun 20248:11:53 AM

हरियाणा में मतगणना शुरू, थोड़ी देर आएंगे रुझान

 हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों में मतगणना शुरू हो गई। जल्द ही स्थिति साफ होने लगेगी।  

4 Jun 20247:43:46 AM

मतगणना के दौरान अंबाला-यमुनानगर मार्ग को भी किया डायवर्ट

मतगणना के दौरान अंबाला- यमुनानगर मार्ग को भी डायवर्ट कर दिया गया है। लिहाजा अंबाला-यमुनानगर मार्ग पर यातायात बंद रहेगा। ऐसे में यमुनानगर से अंबाला छावनी आने वाले वाहनों को साहा से मार्ग बदलना पड़ेगा। उन्हें साहा से शहजादपुर वाया हंडेसरा, पंजोखरा साहिब से होते हुए अंबाला छावनी में प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा साहा से शहजादपुर, हंडेसरा वाया डिफेंस कालोनी से भी अंबाला छावनी आ सकते हैं।

इसी तरह अंबाला छावनी से यमुनानगर जाने के लिए वाहनों को पंजोखरा साहिब से हंडेसरा, शहजादपुर से होते हुए यमुनानगर निकाला जा सकता है डिफेंस कालोनी, हंडेसरा व शहजादपुर से भी यमुनानगर जाया जा सकता है। रामपुर, सरसेहड़ी वाले करें इस मार्ग का प्रयोग इसी तरह रामपुरा,सरसेहड़ी से आने वाले वाहनों का रूट डायवर्ट, रामपुरा,सरसेडी चौक से चदंपुरा पुल बांध, गुरु रविदास धर्मशाला बब्याल से होते हुए अंबाला छावनी निर्धारित किया गया है। रामपुरा, सरसेडी चौक से कैपिटल चौक अंबाला छावनी तक मतगणना ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को छोड़कर मार्ग पूर्णत: सभी के लिए बंद रहेगा।

4 Jun 20247:35:31 AM

वोट की गिनती नहीं हो जाती, तब तक न छोड़े मतगणना केंद्र- अनिल विज

हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा अंबाला छावनी विधायक अनिल विज ने बीजेपी कार्यालय में लोकसभा चुनावों की मतगणना को लेकर कहा कि 15 काउंटिंग एजेंट सुबह से ही मतगणना केंद्र में पहुंचें और जब तक एक-एक वोट की गिनती नहीं हो जाती, तब तक किसी भी एजेंट को मतगणना केंद्र नहीं छोड़ना है।

4 Jun 20247:22:15 AM

आठ बजे से होगी पहले पोस्टल बैलेट की मतगणना

सुबह 8 बजे सबसे पहले पोस्टल बैलेट की मतगणना शुरू होगी। इसके बाद 8.30 बजे जिले के चारों मतगणना केंद्रों पर ईवीएम से मतगणना की शुरुआत कर दी जाएगी। पूरे अंबाला लोकसभा क्षेत्र के बैलेट पेपर की मतगणना एसडी कॉलेज छावनी में होगी। इसके लिए ईवीएम काउंटिंग से अलग हाल की व्यवस्था की गई है। यह काउंटिंग 8 बजे शुरू होगी।

4 Jun 20247:06:24 AM

16 राउंड में होगी करनाल विधानसभा की मतगणना

करनाल विधानसभा क्षेत्र में सभी विस क्षेत्रों में काउंटिंग का कार्य करीब 16 राउंड में किया जाएगा। जबकि पानीपत जिले में 14 से 16 राउंड में काउंटिंग का कार्य पूरा होगा। मतगणना करने के लिए पांचों विस क्षेत्र में लगाई लगभग 250 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें सुपरवाइजर, सहायक सुपरवाइजर और माइक्रो आबजर्वर की टीम एक मतगणना टेबल पर काउंटिंग का कार्य करेगी।

4 Jun 20247:01:22 AM

मतगणना केंद्र की पांच किलोमीटर की परिधि में ड्रोन प्रतिबंधित

करनाल में लोकसभा आम चुनाव की मतगणना आठ बजे से शुरू हो जाएगी। मतगणना के कार्य को शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं और मतगणना के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतगणना केंद्रों की पांच किलोमीटर की परिधि में ड्रोन इत्यादि के उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है और इसके लिए धारा 144 लगाने के आदेश भी जारी किए गए हैं। इन आदेशों की अवहेलना करने पर आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

4 Jun 20246:48:17 AM

अंबाला में एग्जिट पोल पर बोले अनिल विज

अंबाला एग्जिट पोल के दावों पर इंडी गठबंधन को निराशा के सवाल पर हरियाणा के पूर्व गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि जितने भी सर्वे आए है वह सभी इस ओर इशारा कर रहे हैं कि भाजपा की सरकार बनेगी और अच्छी संख्या में सांसद जीतकर आएंगे। उन्होंने कहा यह तो इशारा करते है, मगर हमें पता है कि हम 400 पार करेंगे।

4 Jun 20246:45:14 AM

मतगणना केंद्र के आसपास धारा 144 लागू

मतगणना केंद्रों में और उसके आस पास केवल प्राधिकृत व्यक्ति, अधिकारी या कर्मचारी ही जा सकेंगे। आमजन घर बैठे ही परिणाम जान सकते हैं। इसके लिए उनको भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://results.eci.gov.in पर जाना होगा। मतगणना केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू की गई है।

4 Jun 20246:43:23 AM

वोटर हेल्पलाइन एप पर भी उपलब्ध रहेगी चुनाव के मतों की गिनती

लोकसभा चुनाव के परिणाम घर बैठे आसानी से देखे जा सकते हैं। इसके लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट https://results.eci.gov.in व वोटर हेल्पलाइन एप का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसकी जानकारी अंबाला जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. शालीन ने दी। उन्होंने कहा कि भारत चुनाव आयोग के अनुसार चार जून को लोकसभा चुनाव के लिए मतगणना का कार्य सुबह 8 बजे से शुरू हो जाएगा।

4 Jun 20246:21:13 AM

हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर नतीजे आज

हरियाणा लोकसभा चुनाव 2024 की 10 लोकसभा सीटों पर 25 मई को मतदान किया गया, इसके बाद आज 4 जून को परिणाम आने हैं।