April 26, 2024

मौसम का मिजाज : 30 तक सताएगी गर्मी, फिर मिल सकती है राहत

New Delhi/Alive News: राजधानी और आसपास के इलाकों में गर्मी अगले तीन दिन खूब सताने वाली है।  तापमान में रोज बढ़ोतरी की संभावना है। मौसम विभाग की मानें तो 30 अप्रैल तक तापमान 43 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है। यानी गर्मी दिन के साथ रात में भी सताएगी।

मौसम विभाग के मुताबिक, इसके बाद 1 और 2 मई को आंधी-तूफान के साथ हल्की बरसात की संभावना है। इससे लोगों को कुछ हद तक गर्मी से राहत मिलेगी। मंगलवार का दिन भी बेहद गर्म रहा। दिन का तापमान 19 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा।

बुधवार और बृहस्पतिवार को गर्मी बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान बुधवार को तापमान 19 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बृहस्पतिवार को यह 20 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा। दिल्ली की गर्मी और सर्दी दोनों का मिजाज एकदम अलग है। यहां विकराल गर्मी कोई नई बात नहीं है। इन दिनों मौसम में आया बदलाव कुछ अलग है। इस बार अचानक तेज गर्मी के बाद मौसम ठंडा भी हो रहा है। इससे लोगों को मौसमी बीमारियां घेर रही हैं।