Faridabad/Alive News: वार्ड नंबर 26 में वीर बाजार से रोशन नगर जाने वाली मुख्य सड़क पर पानी निकासी का स्थाई समाधान करने की वजह नगर निगम कर्मचारियों ने सड़क का पानी निकालकर इतिश्री कर दी।हालांकि अधिकारियों को इस सड़क के दोनों ओर नाला बनाकर पानी निकासी की व्यवस्था करनी चाहिए थी।

ज्ञात रहे कि कुछ दिनों पहले अलाइव न्यूज ने “सालों बीते सरकारें बदली पर रोशन नगर और विनय नगर की सड़कों के हालात नहीं बदले” शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। नगर निगम कर्मचारियों ने समाचार पर संज्ञान लेते हुए सड़क से पानी तो टैंकर के माध्यम से निकाल दिया, लेकिन अभी तक पानी निकासी का स्थाई समाधान नहीं किया गया।
स्थानीय निवासी राजू ने बताया कि बारिश होने के बाद वीर बाजार से रोशन नगर तक जाना काफी मुश्किल हो जाता है क्योंकि सड़क पर बारिश का पानी भर जाता है और सड़क पानी में समा जाती है। अभी कुछ दिनों पहले बारिश हुई थी जिसका पानी सड़क पर भर गया था। जिसे दो दिन पहले नगर निगम के अधिकारियों ने टेंकर के माध्यम से निकाल दिया है। अभी तो पानी टैंकर के माध्यम से निकाल दिया, लेकिन बारिश तो होती रहती है, यहां फिर से पानी भर जाएगा। इसके बारे में शायद अभी तक नगर निगम के किसी भी अधिकारी ने नहीं सोचा है। उन्होने अभी यहां पानी निकासी का कोई स्थाई समाधान नहीं किया है।
स्थानीय निवासी पूजा ने बताया कि नगर निगम के अधिकारियों ने कई जगह नाली बना दी लेकिन नाली का पानी निकालने के लिए कोई नाला नहीं बनाया है, जिस कारण नाली का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर आ रहा है। पानी सड़क पर आने के कारण लोगो को आवागमन करने में काफी परेशानी होती है। बारिश के बाद तो सड़क पर और भी पानी भर जाता है। सड़क पर बारिश और घर का गंदा पानी जमा होने के कारण कई सारी बीमारियों के उत्पन्न होने का भी खतरा बना रहता है।

