April 26, 2024

वार्ड- 14: निगम के बेलगाम निगम अधिकारियों पर कौन करेगा कार्यवाही ?

Faridabad/Alive News: एक तरफ जिले में दिन- प्रतिदिन डेंगू के मामलों में बढोतरी हो रही है। वही दूसरी तरफ शहर के अलग- अलग क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। शहर के पॉश क्षेत्रों में शुमार एनआईटी पांच के जे-ब्लॉक में काफी लंबे समय से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। सीवर ओवरफ्लो होने के कारण यहां सड़कों पर जलभराव है। जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी रंजू ने बताया कि यहां काफी लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है। इस विषय में कई बार पार्षद तथा विधायिका सीमा त्रिखा को भी शिकायत दी जा चुकी है परंतु फिर भी समस्या का समाधान नही हो पा रहा। एक अन्य स्थानीय निवासी पूनम ने बताया कि यहां नगर निगम की लापरवाही के चलते काफी लंबे समय से इसी तरह के हालात बने हुए है। शिकायत के बावजूद के भी समस्या का समाधान नही हो पा रहा।

स्थानीय निवासी सुमन ने बताया कि हाउस टैक्स में देरी होती है तो निगम हमारे ऊपर जुर्माना लगा देता है, अब यहां हमें निगम अधिकारियों की तरफ से मूलभूत सुविधा तक नही मिल पा रहा है। इन लापरवाह अधिकारियों पर कौन कार्यवाही करेगा। स्थानीय निवासी रविंद्र चावला ने बताया कि पिछले छह महीने से यहां इसी तरह की समस्या बनी हुई है।

नगर निगम इस समस्या का समाधान करने में नाकाम साबित हुआ है। जेई, एक्सईएन से शिकायत के बावजूद भी कुछ नही हो पा रहा। बता दें कि पिछले दिनों बड़खल विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी विजय प्रताप ने यहाँ के लोगों की समस्या सुनी तथा उनके साथ क्षेत्र का दौरा किया और कहा कि वह उनकी हर समस्या में उनके साथ खड़े है। जनता की हर लड़ाई, उनकी अपनी लड़ाई है।