Sonipat/Alive News: सोनीपत में शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे-44 पर यात्रियों से भरी एक प्राइवेट वॉल्वो बस खराब खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस के कंडक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर सहित कई यात्री घायल हो गए। यह दुर्घटना राई फ्लाईओवर के पास हुई। बताया जा रहा है कि बस तेज रफ्तार में थी और सड़क किनारे खड़े ट्रक का ड्राइवर समय रहते अंदाजा नहीं लगा सका, जिससे बस सीधे ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
अमृतसर से दिल्ली जा रही थी बस
पुलिस के अनुसार, यह बस अमृतसर से शुक्रवार रात करीब 11:15 बजे चली थी और कश्मीरी गेट, दिल्ली पहुंचने वाली थी। बस में करीब 40 यात्री सवार थे।
कंडक्टर की मौत, ड्राइवर गंभीर
हादसे में कंडक्टर अमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर निकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके अलावा कई यात्री घायल हुए हैं, जिनमें एक ही परिवार के सदस्य भी शामिल हैं, जो शादी समारोह से लौट रहे थे।
टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए थे। राहत टीमों ने बस के शीशे काटकर यात्रियों को बाहर निकाला। आसपास के लोगों ने भी बचाव कार्य में मदद की। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सोनीपत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। ड्राइवर की हालत गंभीर होने पर उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।
हाईवे पर लगा लंबा जाम, जांच जारी
हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद खुलवाया। क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क किनारे हटाया गया।
पुलिस ने कंडक्टर के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार हादसे का कारण मानी जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक हाईवे पर किन परिस्थितियों में खड़ा था और क्या वहां जरूरी सुरक्षा संकेत लगाए गए थे या नहीं।

