March 8, 2026

एसपीसी कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को नागरिक जिम्मेदारी व सुरक्षा विषयों पर किया जागरूक

Faridabad/Alive News: स्टूडेंट पुलिस कैडेट कार्यक्रम के अंतर्गत डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी- 3 , एवं राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गौंछी में कक्षाओं का आयोजन किया गया। जिसके जरिए विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा एवं पुलिस विभाग की संरचना जैसे विषयों बारे में बताया गया।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, एनआईटी- 3 में कैडेट्स को सड़क सुरक्षा, उसके महत्व एवं सड़क सुरक्षा चिन्हों की जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने अत्यंत रुचि लेकर सुरक्षा नियमों को जाना।

डी.ए.वी. पुलिस पब्लिक स्कूल, सेक्टर-30 में एसपीसी कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, मौलिक कर्तव्यों, और नशा मुक्त भारत अभियान जैसे विषयों पर प्रेरक संवाद के माध्यम से जागरूक किया। उन्होंने कैडेट्स को समाज में एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में भूमिका निभाने हेतु प्रेरित किया।

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गौंछी में विद्यार्थियों को एसपीसी कार्यक्रम की मूल भावना, एसपीसी गान, पुलिस विभाग की संरचना एवं पुलिस रैंकों की जानकारी दी गई। यह सत्र विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करने पर केंद्रित रहा।

इन जागरूकता कक्षाओं के माध्यम से छात्रों को न केवल सुरक्षा विषयों पर जानकारी दी गई, बल्कि उन्हें अपने सामाजिक कर्तव्यों को समझते हुए, एक जागरूक एवं सशक्त नागरिक बनने हेतु प्रेरित भी किया गया।