Faridabad/Alive News: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान दो आतंकियों को मार गिराया। मजालता इलाके में आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। दोनों आतंकियों के पाकिस्तानी होने और आतंकी संगठन कश्मीर टाइगर्स या जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने की आशंका है। हालांकि, उनकी पहचान और संगठन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घने जंगलों में चल रहा तलाशी अभियान
उधमपुर का मजालता इलाका घने जंगलों और पहाड़ियों से घिरा हुआ है। पिछले कुछ दिनों से ब्रेटल-खुब्बन बेल्ट और आसपास के जंगलों में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी थी। बुधवार देर रात संदिग्ध लोगों की आवाजाही की सूचना मिलने पर सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) टीम ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की।
इस दौरान आतंकियों की ओर से फायरिंग की गई, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने कार्रवाई की। मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए। घने जंगल, अंधेरा और पहाड़ी रास्तों के कारण सुरक्षाबलों को अभियान में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
इस साल अब तक 15 आतंकी मारे जाने का दावा
रिपोर्ट के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर में इस साल अब तक 15 आतंकी घटनाएं हुई हैं। इन घटनाओं में 15 आतंकी मारे गए हैं। वहीं, दो सुरक्षाकर्मी शहीद हुए और तीन नागरिकों की मौत हुई है। उधमपुर जिले में इस साल सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच दो बार मुठभेड़ हो चुकी है।
राजौरी में तीन ओवरग्राउंड वर्कर गिरफ्तार
इससे पहले 15 सितंबर को राजौरी पुलिस ने पीर पंजाल इलाके में लश्कर-ए-तैयबा (LeT) से जुड़े ओवरग्राउंड वर्कर नेटवर्क का खुलासा किया था। पुलिस ने इस मामले में जाकिर हुसैन, मोहम्मद आजम और मोहम्मद मुश्ताक को गिरफ्तार किया था।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आरोपियों पर आतंकियों को जरूरी सामान, सुरक्षित रास्ते और अन्य सहायता देने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि वे आतंकियों को गाइड करने और कश्मीर घाटी तक पहुंचने में मदद करते थे।
आरोपी की निशानदेही पर IED बरामद
राजौरी मामले में एक आरोपी की निशानदेही पर इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) भी बरामद किया गया था। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में पता चला कि एक आतंकी समूह ने इस IED को सुरक्षित रखने और संभावित हमले में इस्तेमाल करने के लिए आरोपियों को दिया था। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
डोडा में मिला था पाकिस्तानी आतंकी का शव
डोडा जिले में 9 सितंबर को लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक पाकिस्तानी आतंकी का सड़ा हुआ शव बरामद किया गया था। यह शव SOG डोडा, राष्ट्रीय राइफल्स (RR) और CRPF की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान के दौरान बरामद किया। शव के पास से नाइट विजन क्षमता वाली M4 राइफल भी मिली थी। पुलिस के मुताबिक, आतंकी 6 सितंबर को सेओजधार के घने जंगलों में हुई मुठभेड़ में मारा गया था। दुर्गम इलाके के कारण उसका शव बाद में बरामद हो सका। बरामद हथियार और अन्य सामान की जांच की जा रही है।

