February 24, 2025

झील में डूबने से दो युवकों की मौत

Faridabad/Alive News: अरावली में गांव अनंगपुर के पास कृत्रिम झील में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान शिव दुर्गा विहार लकड़पुर निवासी जयकृष्ण तिवारी का बेटा पंकज तिवारी और उनके पड़ोसी जगदीश चंद का बेटा कुलदीप सिंह के रूप में हुई है। मृतको की उम्र करीब 24 साल है। दोनों युवक ग्रेजुएशन के बाद सरकारी नौकरी पाने की तैयारी कर रहे थे।

जानकारी के मुताबिक जयकृष्ण और जगदीश चंद की शिकायत पर सूरजकुंड थाना पुलिस ने पंकज और कुलदीप के दो दोस्तों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। दोनों ने पुलिस को बताया कि उनके बेटे पंकज तिवारी और कुलदीप सिंह शनिवार शाम तीन बजे से लापता थे।

उन्होंने अपने बेटों की तलाश की लेकिन वह नाकामयाब रहे। इसी दौरान उन्हें सूरजकुंड थाने से सूचना मिली कि उनके बेटे झील में डूब गए हैं। वे थाने पहुंचे तो पुलिस ने पुल प्रहलादपुर दिल्ली निवासी अमन सूद और लाल कुआं दिल्ली निवासी परितोष से उनकी मुलाकात कराई।

उन दोनों ने बताया कि वे कुलदीप और पंकज के दोस्त हैं। वे चारों झील में नहाने गए थे। नहाते वक्त कुलदीप और पंकज झील में डूब गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से रविवार को दोनों युवकों के शव झील से ढूंढ निकाले। जयकृष्ण तिवारी और जगदीश चंद ने संदेह जताया है कि उनके बेटों को उनके दोस्त अमन सूद और परितोष ने बुलाया। इसके बाद झील में डुबोकर मार दिया है। पुलिस ने उनकी शिकायत पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।