March 7, 2026

ट्यूशन से लौट रहे दो छात्रों से मारपीट, वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर किया वायरल

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ स्थित आदर्श नगर में ट्यूशन से घर लौट रहे दो छात्रों के साथ कुछ युवकों द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने दोनों छात्रों को रास्ते में घेर लिया और थप्पड़-मुक्कों से पीटा। मारपीट का वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर बदमाशी वाले गाने के साथ पोस्ट कर दिया गया, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

परिजनों के अनुसार आदर्श नगर निवासी धर्मवीर का दोहता प्रीत, जो 10वीं कक्षा में पढ़ता है, 15 जनवरी को अपने दोस्त देवेश को ट्यूशन से घर छोड़ने जा रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रोक लिया और अचानक मारपीट शुरू कर दी। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि विवाद की वजह ट्यूशन में पढ़ने वाली एक लड़की से बातचीत थी। इसी बात को लेकर सक्षम और हर्ष नामक युवकों ने देवेश के साथ-साथ प्रीत की भी पिटाई कर दी। परिजनों का कहना है कि दोनों छात्र अलग-अलग स्कूलों में पढ़ते हैं और केवल ट्यूशन के दौरान ही मिलते थे।

आरोप है कि मारपीट के बाद आरोपियों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिससे मामला और गंभीर हो गया। परिवार ने इसे शर्मनाक हरकत बताते हुए आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की है।मामले की शिकायत आदर्श नगर थाना पुलिस को दे दी गई है। जितेश मल्होत्रा ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।

परिजनों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं बच्चों के मनोबल पर गहरा असर डालती हैं, इसलिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जरूरी है।