Faridabad/Alive News : फरीदाबाद पुलिस ने अवैध पार्सल के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने इस मामले में दो नाइजीरियन नागरिकों और एक महिला को गिरफ्तार किया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-89 के रहने वाले एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 11 सितम्बर को उसके पास मुंबई एयरपोर्ट के कथित कस्टम विभाग से फोन आया। कॉल करने वालों ने कहा कि उसके नाम से एक अवैध पार्सल आया है और उस पर कार्रवाई हो सकती है। डर के कारण शिकायतकर्ता ने उनकी बातों में आकर 25,500 रुपये भेज दिए। इसके बाद उसे एहसास हुआ कि वह ठगी का शिकार हो गया है।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना सेंट्रल में मामला दर्ज किया गया और जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों माइकल (36) निवासी ओरलू सिटी, नाइजीरिया; फ्रांसिस एमेका (40) निवासी ओकपोको ओनिसा, नाइजीरिया; और एक महिला निवासी असम, हाल वजीराबाद, दिल्ली को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि तीनों आरोपियों ने मिलकर अलग-अलग नंबरों से कॉल करके शिकायतकर्ता को डराया और पैसे ऐंठ लिए। दोनों नाइजीरियन साल 2018 में भारत आए थे। पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।

