Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के गांव सीही में दो नाबालिग लड़कों के अचानक गायब होने का मामला सामने आया। बच्चों की तलाश में परेशान परिवार के साथ ठगी भी हो गई। एक अज्ञात व्यक्ति ने बच्चों का पता बताने के नाम पर पिता से 10 हजार रुपये ले लिए और फिर फोन बंद कर दिया। हालांकि दो दिन बाद दोनों लड़के खुद ही घर लौट आए।
जानकारी के अनुसार, 16 वर्षीय अनीश कुमार के पिता बलराम, जो मूल रूप से बिहार के रहने वाले हैं, गांव सीही में किराये पर रहकर दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। 26 अप्रैल की शाम को अनीश अपने 17 वर्षीय दोस्त विक्की के साथ घर पर मोबाइल में गेम खेल रहा था। शाम करीब 5 बजे दोनों अचानक घर से चले गए।
देर रात तक जब दोनों वापस नहीं लौटे, तो परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई पता नहीं चला। इससे परिवार काफी परेशान हो गया।
अगले दिन बलराम ने सेक्टर-8 पुलिस चौकी में बच्चों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बच्चों की फोटो भी पुलिस को दी। साथ ही सोशल मीडिया पर भी जानकारी साझा की, जिसमें उनका मोबाइल नंबर दिया गया था।
इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने बच्चों का पता बताने का दावा किया और इसके बदले पैसे मांगे। परेशान पिता उसके झांसे में आ गए और बताए गए खाते में 10 हजार रुपये जमा कर दिए। पैसे मिलते ही आरोपी ने फोन बंद कर लिया और फिर संपर्क नहीं हुआ।
इसके बाद बलराम ने इस ठगी की शिकायत भी पुलिस से की।

