April 18, 2024

भाजपा सांसद का विरोध कर रहे दो किसान हिरासत में, किसानों ने किया हाईवे जाम

Chandigarh/Alive News: भाजपा से राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा को आज फिर से किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। विश्वकर्मा दिवस पर एक कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए सांसद रामचंद्र जांगड़ा हरियाणा के नारनौंद पहुंचे थे। सांसद रामचंद्र जांगड़ा का नारनौंद पहुंचने पर किसानों ने घेराव किया। किसान अपने साथ काले झंडे लेकर पहुंचे। आयोजन स्थल वाली रोड पर ट्रैक्टर ट्राली अड़ा कर किसानों ने रास्ता रोकने का प्रयास किया।

किसानों ने कहा कि राज्यसभा सदस्य जाना चाहे तो पैदल जा सकते हैं। गाड़ी से नहीं जाने दिया जाएगा। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस तथा किसानों के बीच धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने दो किसानों को हिरासत में लिया। किसानों ने कहा कि प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट की गई।
 
वहीं सांसद की गाड़ी का शीशा भी टूटा है, जबकि किसानों का कहना है कि उन्होंने शीशा नहीं तोड़ा। दो किसानों को हिरासत में लिए जाने के बाद किसानों ने नारनौंद थाने में धरना शुरू कर दिया। किसानों का कहना है कि जब तक दोनों युवकों को पुलिस द्वारा नहीं छोड़ा जाएगा तब तक पुलिस स्टेशन में धरना जारी रहेगा। इसके अलावा किसानों ने दो जगह रोड भी जाम कर दिया है।