November 11, 2026

धूल नियंत्रण के नियम तोड़ने पर दो निर्माण साइटें बंद, आठ अवैध उद्योगों को नोटिस

Faridabad/Alive News: शहर में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए जिला प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के इंतजाम नहीं मिलने पर हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) ने दो निर्माण साइटों को बंद कर दिया है। वहीं, सरूरपुर और नेकपुर क्षेत्र में आठ अवैध उद्योगों की पहचान कर उनके संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई से प्रदूषण फैलाने वाले निर्माण स्थलों और उद्योगों पर शिकंजा कसने की तैयारी है।

बुधवार को प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने सेक्टर-24 और नहर पार क्षेत्र में निर्माण स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान दो साइटों पर धूल नियंत्रण के निर्धारित उपायों और नियमों का उल्लंघन पाया गया। इसके बाद दोनों निर्माण साइटों को बंद करने की कार्रवाई की गई। अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान धूल उड़ने से आसपास के क्षेत्रों की हवा प्रदूषित होती है। ऐसे में निर्माण एजेंसियों के लिए धूल रोकने के सभी जरूरी इंतजाम करना अनिवार्य है।

इसके अलावा बोर्ड की टीम ने सरूरपुर और नेकपुर क्षेत्र में जांच के दौरान आठ अवैध उद्योगों की पहचान की। इन उद्योगों के संचालन को लेकर संबंधित संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। नोटिस के माध्यम से उनसे जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि जिले में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। निर्माण स्थलों पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के दिशा-निर्देशों और डस्ट पोर्टल से जुड़े नियमों का पालन करना जरूरी है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।