May 17, 2024

हरियाणा के गृह मंत्री को काले झंडे दिखाने के आरोप में अमन मछौंडा सहित दो गिरफ्तार

Chandigarh/Alive News : बुधवार की रात को हरियाणा ग्रह मंत्री अनिल विज अपने कार्यकर्ता और कार्यालय सहायक अजय के घर से वापस अपने घर जा रहे थे। उसी दौरान कुछ युवा किसानों ने विज को काले झंडे दिखाए और रोष व्यक्त किया। जिसके तुरंत बाद पुलिस ने इस मामले पर कार्रवाही करते हुए रात में ही सर्च अभियान चलाया और युवा किसान अमन मछौंडा को गिरफ्तार कर लिया। किसानों को जैसे ही पुलिस की इस कार्रवाई के बारे में भनक लगी, भारी संख्या में किसान एकजुट हो गए और पुलिस के पीछे-पीछे शास्त्री कट तक पहुंच गए। इसमें नवदीप जलबेहड़ा भी शामिल थे।

मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने मौके पर मौजूद नवदीप जलबेहड़ा को भी हिरासत में ले लिया। जिसके बाद मामला बहुत अधिक गर्मा गया और रात में ही करीब 100 किसान एकजुट होकर अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे पर शास्री कट के पास सर्विस लेन पर बैठ गए। किसानों ने रात 12 बजकर 20 मिनट पर चेतावनी दी कि 15 मिनट में यदि दोनों को नहीं छोड़ा तो हरियाणा-पंजाब में जाम लगा देंगे। इस दौरान डीएसपी मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुरे एरिए को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया।

जानकारी के अनुसार गृह मंत्री अनिल विज बुधवार की देर रात को चंद्रपुरी कॉलोनी में अजय से मिलने उसके घर पहुंचे थे। अजय कुछ दिनों से बीमार चल रहे हैं। उनका हाल पूछने के बाद जब वह वहां से वापस लौट रहे थे। तो चंद्रपुरी कॉलोनी में छोटी दीवार के पास पहले से खड़े किसानों ने काले झंडे दिखाकर रोष व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस ने भी किसानों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन किसान नहीं माने। जब तक गृह मंत्री अनिल विज वहां से नहीं निकले उनका विरोध जारी रहा।

इसके कुछ देर बाद रात करीब साढ़े 10 बजे भारी पुलिसबल मौके पर पहुंच गया। इसके बाद विज का विरोध करने वाले किसानों की धरपकड़ के लिए रात भर अभियान चलाया गया। रात करीब सवा 11 बजे अमन मछौंडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। रात साढ़े 12 बजे तक किसान जयसिंह जलबेहड़ा, किसान अमरजीत सिंह मोहड़ी, इनेलो प्रदेश प्रवक्ता ओंकार सिंह, बलकार सिंह, सतिंद्र सिंह सहित भारी संख्या में किसान मौके पर जमे थे।