March 10, 2026

शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 24 लाख की ठगी, दो गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: सेक्टर-37 के एक व्यक्ति से ऑनलाइन शेयर मार्केट में निवेश कराने के नाम पर 24 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई कि उसके व्हाट्सएप पर एक लिंक आया, जिस पर क्लिक करने के बाद वह “D225 GOLDMAN SACHS STOCK TRADER’S HUB” नामक ग्रुप में जुड़ गया। वहां उसे शेयर खरीदने-बेचने की टिप्स दी जाती थीं।

झांसे में आकर पीड़ित ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए 24 लाख रुपये निवेश किए, लेकिन उसे कोई लाभ नहीं मिला और न ही पैसा वापस आया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

साइबर थाना सेंट्रल की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दिल्ली के नजफगढ़ निवासी देवेंद्र (36) और निखिल लूथरा (26) को गिरफ्तार किया। जांच में पता चला कि दोनों ने “टेरा प्लस प्राइवेट लिमिटेड” नाम से एक फर्म का करंट खाता खुलवा रखा था, जिसमें 6.20 लाख रुपये जमा हुए थे। दोनों आरोपी बारहवीं पास हैं और रैपिडो में काम करते हैं।

पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 2 दिन के रिमांड पर भेजा गया है।