March 10, 2026

घर में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सोने का लॉकेट बरामद

Faridabad/Alive News: क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 की पुलिस ने घर में चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक सोने का लॉकेट बरामद किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-16 निवासी विनोद ने शिकायत दी थी कि 18 अगस्त को वह और उसकी पत्नी ड्यूटी पर गए थे। जब शाम को घर लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ मिला और अंदर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी से 45 हजार रुपये और जेवर गायब थे। इस पर थाना सेक्टर-17 में चोरी का मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने मुलचंद (30) निवासी फरीदाबाद और बजरंग पाठक (48) निवासी सेक्टर-31 को गिरफ्तार किया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी पहले घर की घंटी बजाते थे। अगर कोई दरवाजा खोलने नहीं आता था, तो वे ताला तोड़कर घर में घुस जाते थे।

पुलिस ने बताया कि मुलचंद पर पहले से हरियाणा में 15 और मध्य प्रदेश में 6 आपराधिक मामले दर्ज हैं। बजरंग पर भी NDPS और चोरी के 2 मामले दर्ज हैं। दोनों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है।