Faridabad/Alive News: थाना तिगांव क्षेत्र में हुए झगड़े और गोली चलाने के मामले में अपराध शाखा सैंट्रल की पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को दी शिकायत में नितिन, निवासी तिगांव ने बताया कि 26 जून को उसके पिता जब अनाज मंडी स्थित प्लॉट पर गए, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने उन पर पिस्तौल, हथौड़े और अन्य हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में उन्हें गोली लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में थाना तिगांव में केस दर्ज किया गया था।
जांच के बाद अपराध शाखा सैंट्रल ने मोनू, निवासी सहासाबर (बदायूं, उत्तर प्रदेश) और मोहित, निवासी खटेला (पलवल) को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी फिलहाल फरीदाबाद के खेड़ीपुल स्थित इंदिरा कॉम्पलेक्स में रह रहे थे।
पूछताछ में सामने आया कि मोहित के मामा और शिकायतकर्ता के बीच एक प्लॉट को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद के चलते मोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर हमले की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है ताकि आगे की जांच की जा सके।

