March 7, 2026

ट्रक ड्राइवर और हेल्पर को नशीला पदार्थ खिलाकर 17 टन मक्का चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा AVTS-2 ने ट्रक चालक और हेल्पर को नशीला पदार्थ खिलाकर करीब 17 टन मक्का दाना चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, आगरा जिले के शंकर नगर निवासी कन्हैया लाल ने पुलिस चौकी अनखीर में शिकायत दी थी। उन्होंने बताया कि 28 जनवरी को उनका ट्रक लगभग 30 टन मक्का दाना मध्यप्रदेश के छपारा से लोड होकर पंजाब के लिए रवाना हुआ था। रास्ते में ट्रक चालक ने दो अज्ञात लोगों को सवारी के रूप में बैठा लिया।

30/31 जनवरी की रात चालक ने नींद आने पर गाड़ी जमाई कॉलोनी के पास खड़ी कर दी और सो गया। सुबह उठने पर देखा कि ट्रक का तिरपाल हटाया हुआ था और करीब 17 टन मक्का दाना चोरी हो चुका था। दोनों सवार मौके से फरार थे। इस पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज किया गया।

जांच के दौरान अपराध शाखा AVTS-2 की टीम ने धर्मदेव निवासी फतेहपुर बेरी, नई दिल्ली और आमिर निवासी बरालोकपुर, इटावा (हाल निवासी फतेहपुर बेरी, नई दिल्ली) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आगरा और मथुरा के बीच एक होटल से सवारी बनकर ट्रक में बैठे थे। उन्होंने चालक और हेल्पर को खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर दे दिया, जिससे दोनों बेहोश हो गए। इसके बाद आरोपी ट्रक को चलाकर बड़खल क्षेत्र के एक गोदाम में ले गए और वहां करीब 17 टन मक्का उतरवा लिया। बाद में ट्रक को अजरौंदा के पास सड़क किनारे खड़ा कर दिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 17 टन मक्का दाना बरामद कर लिया है। पूछताछ के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है।