Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर की गई बड़ी साइबर ठगी के मामले में दो आरोपियों को महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने की पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, ओल्ड फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह व्हाट्सएप पर “B16 Trust Line Investor Network” और “Trust Line VIP 1073” नाम के ग्रुप से जुड़ा हुआ था। इन ग्रुपों के जरिए उसे शेयर मार्केट में निवेश कर ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया गया।
ठगों ने शिकायतकर्ता से “TL FIN” नाम का एक मोबाइल एप डाउनलोड करवाया और अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करने को कहा। जब भी शिकायतकर्ता पैसे भेजता और ट्रांजेक्शन आईडी साझा करता, तो एप पर उसे मुनाफे के साथ रकम दिखने लगती थी। इसी तरह वह कुल 5 करोड़ 56 लाख 21 हजार 548 रुपये का निवेश कर बैठा।
जब शिकायतकर्ता ने अपनी राशि निकालने की कोशिश की तो ऐप काम करना बंद हो गया और संबंधित व्हाट्सएप ग्रुप भी डिलीट कर दिए गए। इसके बाद उसे ठगी का अहसास हुआ और उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
जांच के दौरान साइबर थाना सेंट्रल की टीम ने आरोपी विजय कुमार, निवासी गांव नालवंडी, जिला बीड (महाराष्ट्र) और आकाश शिवाजी दारकड, निवासी गांव हस्तपोखरी, जिला जालना (महाराष्ट्र), हाल निवासी कैलाश नगर, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी आकाश साइबर ठगों को बैंक खाते उपलब्ध करवाता था। उसने आरोपी विजय कुमार का बैंक खाता ठगों को दिया, जिसमें ठगी की रकम में से करीब 65 लाख रुपये ट्रांसफर हुए थे। विजय कुमार बीए पास है, जबकि आकाश बीएससी की पढ़ाई कर रहा है। दोनों की पहचान टेलीग्राम के जरिए हुई थी।

