March 7, 2026

स्टील कॉइल सप्लाई के नाम पर 15 करोड़ 75 लाख की ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा लगातार धोखाधड़ी मामलों पर कार्रवाई कर रही है। इसी सिलसिले में आर्थिक अपराध शाखा बल्लभगढ़ की टीम ने स्टील कॉइल सप्लाई के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

शिकायतकर्ता ने थाना सेक्टर-8 में दी शिकायत में बताया कि 2 अगस्त 2024 को M/S SWADESH GREEN INFRA LTD के मालिक रवि गुप्ता और सलील गुप्ता उनसे मिले। उन्होंने HR Coil स्टील शीट बेचकर अच्छा मुनाफा होने की बात कही और एडवांस बुकिंग के नाम पर 4.5 करोड़ रुपये मांगे। भरोसा दिलाने के बाद शिकायतकर्ता की कंपनी ने तीन ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 15 करोड़ 75 लाख रुपये उनकी कंपनी के खाते में भेज दिए। इसके बाद आरोपियों ने कोई भी स्टील कॉइल सप्लाई नहीं की।

मामले की जांच के बाद आर्थिक अपराध शाखा बल्लभगढ़ की टीम ने रवि गुप्ता (73) और उनके बेटे सलील गुप्ता (40), दोनों निवासी नई दिल्ली, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि उनकी कंपनी लंबे समय से घाटे में चल रही थी और कर्ज बढ़ गया था। कर्ज से निकलने के लिए उन्होंने यह धोखाधड़ी की योजना बनाई और शिकायतकर्ता से बड़ी रकम ऐंठ ली।

पुलिस ने दोनों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें 4 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।